कलेक्टर ने गंदगी हटाई: कमिश्रर ने औपचारिकता निभाई: सीईओ ने अलग की सफाई ....

Sep 27, 2024 - 01:24
Updated: 2 years ago
0 596

उज्जैन। स्वच्छता पखवाड़ा चल रहा है। इस कड़ी में गुरूवार की अलसुबह 6 बजे संकुल में हलचल थी। कारण संभागायुक्त- कलेक्टर- जिंप सीईओ द्वारा सफाई के लिए झाडू उठाई जाना थी। हालांकि नगर निगम की सफाई टीम संकुल के अंदर पहले ही काम पर लग गई थी। जहां पर पार्किंग व्यवस्था है। यही पर सबसे ज्यादा कचरा होता है। जिसे निगम की टीम ने उठाया। आखिरकार सवा 7 बजे तक सभी हाजिर हो गये। जिसके बाद जो नजारा चुप रहेंगे डॉटकॉम ने देखा। उसका सारांश खबर की हेडिंग में छुपा है।

स्थान विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल भवन। समय सुबह 7 बजकर 15 मिनिट। सभी  राजस्व अधिकारी व संकुल में कार्यरत कर्मचारी मौजूद थे। इंतजार हो रहा था। संभागायुक्त संजय गुप्ता और कलेक्टर नीरजसिंह का। जो कि अपने-अपने कक्ष में मौजूद थे। 5 मिनिट के अंदर ही दोनों अधिकारी संकुल के मुख्य द्वार पर आ गये। उनके आते ही हलचल शुरू हो गई। कोई झाडू उठाते नजर आया- कोई लंबी झाडू- कोई तगारी-फावडा। हर कोई सफाई के लिए उत्सुक था। संभागायुक्त और कलेक्टर ने जैसे ही झाडू उठाई। सफाई अभियान का श्रीगणेश हो गया। जिसको जहां मौका मिला वहीं झाडू लगाने लगा। यह बात अलग है कि संकुल के सामने स्थित बांस के पेड़ों और घास मैदान को छोड़कर सभी जगह पहले ही निगम की टीम झाडू लगा चुकी थी।

अधिकतम 3 मिनिट ...

संकुल में स्वच्छता की शुरूआत संभागायुक्त और कलेक्टर ने एक साथ की। समन्वय का संदेश दिया। दोनों अधिकारियों ने पहले झाडू लगाई। कलेक्टर अपनी आदत के अनुसार पोलीथीन- कचरा आदि बीनने लग गये। संभागायुक्त ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। जबकि कलेक्टर बगैर मास्क के काम कर रहे थे। दोनों ने मिलकर अधिकतम 180 सेकेंड तक सफाई की। तब तक फोटो-वोटो भी हो गई। जिसके बाद संभागयुक्त ने अचानक कलेक्टर से कहां। मैं जा रहा हूं। कलेक्टर उनको छोडऩे के लिए साथ गये। उस दरवाजे तक, जहां से संभागायुक्त अपने कार्यालय के लिए लिफ्ट में सवार हो गये।

30 मिनिट तक ...

भले ही संभागायुक्त ने मात्र 3 से 5 मिनिट अधिकतम सफाई करी। फिर उन्होंने निकलने में सफाई दिखाई। किन्तु कलेक्टर नीरजसिंह अपनी आदत के अनुसार गंदगी खोजने और हटाने में जुट गये। उन्होंने संकुल के चेंबर में उतरकर गंदगी हटाई। इस दौरान उनकी निगाहें उस जगह को खोजती रहीं। जहां पर सफाई करने कोई बंदा नहीं गया था। उसी जगह पहुंचकर कचरे को हटाया। उनका यह काम 30 मिनिट से ज्यादा देर तक चला। कलेक्टर को ऐसा करते देख मातहत अधिकारी/कर्मचारी भी सफाई करते नजर आये।

पीछे जाकर सफाई ...

संभागायुक्त व कलेक्टर कार्यालय की टीम जहां एकसाथ सफाई कर रही थी। वहीं जिला पंचायत सीईओ जयति सिंह व उनकी टीम बिलकुल अलग स्थान पर जाकर झाडू लगा रही थी। उनकी पूरी टीम संकुल के पीछे जाकर झाडू लगा रही थी। एक छोटा स्थान था। सीईओ की टीम ने पूरी मेहनत से उस स्थान की सफाई की। जो उन्होंने चुना था। इस दौरान राजस्व विभाग के अधिकारी/कर्मचारी जिपं टीम को याद करते नजर आये। सवाल पूछ रहे थे। जिला पंचायत की टीम कहां है।

आभार ...

स्वच्छता पखवाड़े के तहत भले ही आज 1 दिन 1 घंटे के लिए अधिकारियों ने झाडू उठाई थी। लेकिन रोज संकुल के गलियारों में सफाई  करने वाली टीम ने भी अपना योगदान दिया। जिसके लिए इन सभी का विशेष आभार। यह सभी कर्मचारी गुरूवार की सुबह 6 बजे से ही हाजिर थे। जिसमें सफाई प्रभारी सुरेश रायकवार, कुंदन गिरजे, अमित सरवन, नितेश, पीयूष, संदीप, वरूण, घनश्याम, दिलीप, शेरखान व सत्यनारायण का भी विशेष योगदान रहा।   

What's Your Reaction?

Like Like 18
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User