आखिर कौन है अपर आयुक्त का डॉक्टर ...!
उज्जैन। छत्रपति शिवाजी भवन के गलियारों में बैठने वाले इन दिनों अपर आयुक्त के डॉक्टर की खोजबीन कर रहे है। तभी तो निगम के गलियारों में यह चर्चा आम है। आखिर शहर का ऐसा कौन डॉक्टर है? जिसने अपर आयुक्त की गंभीर बीमारी को मात्र कुछ दिनों में दूर कर दिया। जिसके चलते अपर आयुक्त वापस सोशल मीडिया ग्रुप पर फिर एक्टिव हो गये।
नगर निगम के गलियारों में इन दिनों उस डॉक्टर की शिद्दत से खोजबीन हो रही है। जिसने अपर आयुक्त आरएस मंडलोई की अति गंभीर बीमारी को 1 सप्ताह में ही ठीक कर दिया। इस बीमारी का खुलासा खुद अपर आयुक्त ने किया था। नगर निगम के सोशल मीडिया ग्रुप में। एक संदेश भेजकर। जिसके बाद निगम के अधिकारी/ कर्मचारी अपर आयुक्त की बीमारी को लेकर चिंतित थे।

यह थी बीमारी ...
निगम के सूत्रों ने अपर आयुक्त के संदेश का स्क्रीन शॉट चुप रहेंगे डॉट-कॉम को भेजा था। जिसमें लिखा था कि गहन चिकित्सा जांच में यह पाया गया कि डॉक्टरों द्वारा मुझे मोबाइल फोन उपयोग करने से पूर्ण रूप से मना किया है। इसलिए अब कार्यालयीन समय साढ़े 10 से साढ़े 5 के बीच अपने कक्ष में ही सभी से मिलूंगा और काम करूंगा। शनिवार-रविवार अवकाश होने के कारण निवास पर उपलब्ध रहूंगा। मेरा फोन हमेशा बंद रहेगा। क्योंकि ... फोन से ज्यादा महत्वपूर्ण मेरा जीवन है ... आपका अपना ... आरएस मंडलोई .... अपर आयुक्त (देखे स्क्रीन शॉट) यह संदेश अधिकतम 10 दिन पुराना बताया जा रहा है।

एक्टिव ...
ज्यादा दिन नहीं हुए। जब अपर आयुक्त ने संदेश की अंतिम पंक्ति में लिखा था। फोन से ज्यादा महत्वपूर्ण मेरा जीवन है। तब निगम के गलियारों में उनकी बीमारी की चर्चा के साथ संवेदना की लहर थी। लेकिन यह सप्ताह शुरू होते ही, अपर आयुक्त मंडलोई ऐसे एक्टिव हो गये। फोन व सोशल मीडिया पर। जैसे कोई बीमारी थी ही नहीं। ऐसी चर्चा निगम के गलियारों में मंगलवार को सुनाई दी। कारण ... गंभीर बीमारी के शिकार हुए अपर आयुक्त ने सीएमसी ग्रुप पर मंगलवार को एक के बाद एक मैसेज डालने शुरू कर दिये। (देखे स्क्रीन शॉट मंगलवार का)। नतीजा निगम के गलियारों में सवाल उठ रहा है। आखिर कौन है अपर आयुक्त का डॉक्टर? जिसने उनकी गंभीर-गहन बीमारी को मात्र कुछ दिनों में ही जड़ से खत्म कर दिया।
What's Your Reaction?
Like
21
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)