नंदी को लगा दी 'अर्जी': आगे अब महाकाल की 'मर्जी'.... !  

Jan 03, 2024 - 01:30
Updated: 3 years ago
0 713

उज्जैन। तस्वीर भी बोलती है। बस, उसकी भाषा समझने वाला चाहिये। जैसे ऊपर लगी तस्वीर बोल रही है। बाबा महाकाल के दरबार की यह तस्वीर है। जिसकी भाषा आम इंसान भी समझ सकता है। भाषा सीधी और साफ है। नंदी को लगा दी 'अर्जी': आगे अब महाकाल की 'मर्जी'.... !

तस्वीर में नजर आ रहे नवागत कलेक्टर नीरज कुमार सिंह है। जिनका अभी-अभी तबादला हुआ है। कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम की जगह वह आए हैं। अभी तक नर्मदापुरम के कलेक्टर थे। सोमवार की रात 10 से 11 के बीच उज्जैन पहुंचे थे। सुबह उन्होंने पहले बाबा महाकाल के दर्शन किये। यह तस्वीर उसी वक्त की है। जब उन्होंने नंदी के कान में निवेदन किया। इस तस्वीर को देखकर मंदिर के गलियारों में नंदी और मर्जी की चर्चा सुनाई दे रही है।

नियम का पालन ...

पिछले कई सालों से यह परम्परा रही है। जब-जब नये कलेक्टर का आगमन होता है। मंदिर के गर्भगृह में जाकर कलेक्टर पूजन जरूर करते थे। लेकिन गत वर्ष 4 जुलाई 2023 से गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित है। जिसकी जानकारी नवागत कलेक्टर को थी। गर्भगृह में प्रवेश अब केवल संवैधानिक पदों पर विराजमान विशिष्टजनों के लिए ही है। इसीलिए कलेक्टर श्री सिंह ने इसका विशेष ध्यान रखा। उन्होंने बाबा महाकाल की डयोढी से ही हाथ जोड़कर बाबा को प्रणाम किया और आशीर्वाद मांगा।

पदभार संभाला ...

महाकाल बाबा से आशीर्वाद लेकर कलेक्टर सीधे विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल पहुंचे। जहां उन्होंने पदभार संभाला। जिसके बाद जनसुनवाई में शामिल हुए। 1 बजे बाद सीधे घट्टिया स्थित एलपीजी गैस बॉटलिंग प्लांट के लिए रवाना हो गए। कलेक्टर ने दोपहर 2 से रात 8 तक बैठक ली। कारण ... एलपीजी गैस बॉटलिंग प्लांट से सप्लाई लगातार बंद है। वजह ट्रक चालकों की हड़ताल है। कलेक्टर ने व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 6 घंटे तक बैठक की। सप्लाई व्यवस्था प्रभावित होने से इंदौर संभाग में गैस की किल्लत हो गई है। उम्मीद की जा रही है कि आज की बैठक के बाद सप्लाई व्यवस्था वापस सुचारू चलने लगेगी।

आज पदभार संभालेंगे
नगर निगम के नए आयुक्त आशीष पाठक आज पदभार संभालेंगे।वह सुबह महाकाल दर्शन के बाद,करीब 10.45 पर कार्यालय शिवाजी भवन पहुंचेंगे और पदभार ग्रहण करेंगे l

What's Your Reaction?

Like Like 19
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User