भाजपा नेता इंतजार में खड़े रहे: मुख्यमंत्री  BYE- BYE  करके निकल गये ...!  

Sep 05, 2023 - 00:30
Updated: 3 years ago
0 648

उज्जैन। स्थान दताना-मताना हवाई पट्टी। समय सुबह साढ़े 10 के बीच का। हवाई पट्टी पर भाजपा नेता इंतजार करते हुए। मुख्यमंत्री के काफिले का। कोई हाथ में माला लेकर खड़ा था, तो कोई अंगवस्त्र। मकसद ... मुख्यमंत्री का स्वागत करना था। फिर ... मुख्यमंत्री का काफिला आता है। पीछे चलने वाले सभी वाहन रूक जाते है। केवल मुख्यमंत्री का वाहन सीधे हवाई पट्टी पर जाकर रूकता है। इस दौरान मुख्यमंत्री अपने वाहन की खिड़की नीचे करते है। BYE- BYE  करते हुए हाथ हिलाते है और सीधे हेलीकाप्टर में जाकर बैठ जाते है।

यह नजारा सोमवार की सुबह चुप रहेंगे डॉट-कॉम ने देखा। घटना उस वक्त की है। जब मुख्यमंत्री वापस जा रहे थे। ओरछा के लिए उनका उडनखटोला तैयार था। 12 बजे से पहले ओरछा पहुंचना था। इसलिए मुख्यमंत्री बहुत जल्दी में थे। जबकि हवाई पट्टी पर मौजूद भाजपा नेता इंतजार में थे। मुख्यमंत्री से मुलाकात होगी। सभी स्वागत करेंगे और फोटो भी खिचवायेंगे। भाजपा नेताओं की यह इच्छा सोमवार को अधूरी रही। क्योंकि ... मुख्यमंत्री इन सभी को BYE- BYE  करते हुए सीधे हेलीकाप्टर में जाकर बैठ गये। नतीजा ... वहां मौजूद सभी भाजपा नेताओं के चेहरे पर उदासी छा गई।

सुरक्षाकर्मी ने रोका ...

हवाई पट्टी पर मुख्यमंत्री का वाहन सीधे हेलीकाप्टर के पास रूका। वाहन से उतरकर, मुख्यमंत्री तत्काल अंदर जाकर बैठ गये। इधर महंत राजेन्द्र भारती, जिलाध्यक्ष बहादुरसिंह बोरमुंडला, अशोक प्रजापत, सोनू गेहलोत आदि ने दौड लगाई। मकसद था कि ... मुख्यमंत्री से मुलाकात हो जाये- उनका स्वागत कर दें। लेकिन वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी ने इन सभी को रोक दिया। हेलीकाप्टर के नजदीक नहीं जाने दिया। तब तक मुख्यमंत्री ने उडनखटोले के दरवाजे को बंद कर लिया।

इज्जत बचाई ...

भले ही मुख्यमंत्री से भाजपा नेताओं की मुलाकात नहीं हो पाई। लेकिन स्थानीय नेताओं को अपनी प्रतिष्ठा का ख्याल था। नतीजा ... पीछे की तरफ हेलीकाप्टर नजर आये। इसके लिए लाइन में खड़े होकर तस्वीर खिचवाई गई। तस्वीर के लिए वहां मौजूद भाजपा नेता दिलीप ओरा, विशाल राजौरिया, रेखा ओरा, कलावती यादव, अरूण भीमावद, संजय अग्रवाल, राजेन्द्र भारती, अनिल जैन कालूहेडा, मंत्री तुलसी सिलावट, उविप्रा अध्यक्ष श्याम बसंल, महापौर मुकेश टटवाल, जिलाध्यक्ष विवेक जोशी, अशोक प्रजापत, सोनू गेहलोत, वीरेन्द्र कावडिया, इकबालसिंह गांधी व संतोष व्यास एक लाइन में खड़े नजर आये। केवल तस्वीर खिचवाने के लिए।

स्वागत मत करो ...

हवाई पट्टी से रवाना होने से पहले, मुख्यमंत्री का उडनखटोला पुलिस लाइन स्थित हेलीपेड पर उतरा था। जहां कई भाजपा नेता उनके स्वागत के लिए मौजूद थे। अंगवस्त्र- मोती की माला व गुलदस्ते लेकर आये थे। लेकिन मुख्यमंत्री ने किसी भी नेता का स्वागत स्वीकार नहीं किया। साफ लफ्जों में कह दिया। पूजा के बाद स्वागत करना। हेलीपेड पर उनकी अगवानी, आईजी, डीआईजी, अपर आयुक्त, कलेक्टर व एसपी ने की । जिसके बाद मुख्यमंत्री सीधे महाकाल के लिए रवाना हो गये। उनके लिए विशेषतौर पर पौधारोपण की व्यवस्था पुलिस लाइन में की गई थी। लेकिन मुख्यमंत्री ने हेलीपेड पर ही कह दिया। अब ओरछा में ही पौधारोपण करूंगा। महाकाल पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने महारूद्राभिषेक की पूजा में भाग लिया। पूजा का यह कार्यक्रम मिनिट- टू- मिनिट चला। जिस पर कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम और मंदिर प्रशासक संदीप सोनी की हर वक्त निगाहें रही। मुख्यमंत्री, पूजा के चक्कर में लेट ना हो जाये। इसलिए पुजारियों को पहले ही सबकुछ बता दिया था। 9:40 पर मुख्यमंत्री को निकलना था। इसके पहले ही अच्छी वर्षा के लिए मुख्यमंत्री से संकल्प करवाया। जिसके बाद मुख्यमंत्री सीधे हवाई पट्टी के लिए रवाना हो गये।

What's Your Reaction?

Like Like 25
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User