लूट के बाद भी पीछा नहीं छोड़ा और लूटेरे को पकड़ा ...!

Feb 08, 2024 - 17:41
0 803

उज्जैन। हम सभी फिल्मों के शौकीन हैं। फिल्मों अकसर देखते हैं। हीरो के वाहन को गुंडे-मवाली-लूटेरे, ओवरटेक करके रोकते हैं। हथियारों के साथ। फिर उसे लूटकर धमकी देकर जाते है। पीछा मत करना। फिर लूटेरे टोल-नाका का बेरियर अपने वाहन से तोड़ते हुए भागते हैं। फिल्मी हीरो भी उनका पीछा नहीं छोड़ता। वह अपने वाहन से पीछा करता हैं और आखिरकार उन लूटेरों की गाड़ी को पकड़ लेता है। टक्कर मारता है और इसी दौरान पुलिस पहुंच जाती हैं। बाकी लूटेरे भाग जाते है और एक लूटेरे को हीरो पकड़ लेता हैं।  

यह फिल्मी ड्रामा 8 फरवरी की अलसुबह रात 3 बजे हकीकत में नजर आया। जब शहर की सड़कों पर 2 वाहन आगे-पीछे दौड़ते नजर आये। बिलकुल फिल्मी ड्रामा था। आगे-आगे लूटेरे और पीछे पुलिस की जगह फरियादी का वाहन। जिनका नाम देवेश शर्मा है। जो अपने वाहन क्र. एमपी 13 सीसी 0954 जीप (कंपास) से पीछा कर रहे थे। आगे लूट करने वालों का वाहन स्कार्पियों था। फरियादी के साथ उनका भांजा अभिषेक शर्मा भी मौजूद था। जिसने पुलिस को सूचना दी थी। उनके साथ लूट हुई है। लूटेरों की गाड़ी का वह पीछा कर रहे है। सूचना मिलते ही पुलिस भी अलर्ट हो गई। डायल-100 गाड़ी दौडऩे लगी।

निनौरा से पंड्याखेड़ी तक...

विदित रहे कि स्कार्पियों वाहन में सवार 4 लूटेरों ने देवेश शर्मा की गाड़ी को पंथपिपलई और निनौरा के बीच ओवरटेक किया था। उनकी गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी लगा दी। लूटेरों के हाथ में लोहे के डंडे व एक के पास चाकू था। फरियादी पेट्रोलपंप से सिल्लक लेकर वापस घर जा रहे थे। 45 हजार रूपये और भांजे का मोबाइल सेमसंग एम-31-एस लूट लिया। धमकी देकर गये। पीछा मत करना। मगर लूटेरों के पीछे फरियादी ने अपनी जीप दौड़ा दी। यह देखकर लूटेरों ने निनौरा टोल-नाके का बेरियर तोड़ दिया (देखे वीडियों) फरियादी ने भी पीछा नहीं छोड़ा। निनौरा से टॉवरचौक और फिर मक्सी रोड़ होते हुए पंड्याखेड़ी तक लूटेरों का वाहन कोई नहीं रोक पाया। जबकि पुलिस को खबर तत्काल कर दी गई थी। पंड्याखेड़ी चौराहे से लूटेरे आगे निकल पाते। इसी दौरान एक ट्रक आगे आ गया। नतीजा लूटेरों को रूकना पड़ा। उन्होंने गाड़ी मोडी, इसी बीच पीछे से फरियादी का वाहन आ गया। यह देखकर लूटेरों ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। मगर लूटेरों का वाहन भी बाउंड्रीवाल से टकरा गया। उनका वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

3 भागे-1 पकड़ाया ...

जिस वक्त अलसुबह पंड्याखेड़ी में टक्कर हुई। उस दौरान वहां एक डॉयल-100 मौजूद थी। इधर टक्कर होते ही फरियादी नीचे उतरे और दौड़ लगाई। स्कार्पियों में सवार 3 लूटेरे भाग गये। जबकि 1 लूटेरे को फरियादी ने पकड़ लिया। जिसका नाम महेश पिता शांतिलाल भिलाला है। जो कि लालघाटी दुपाड़ा शाजापुर का निवासी है। फरियादी की रिपोर्ट पर नानाखेड़ा पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। बाकी लूटेरों की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 20
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User