हाईकोर्ट की तर्ज पर उज्जैन राजस्व कोर्ट भी होंगे ' ऑनलाइन लाइव '

Jul 21, 2024 - 01:30
Updated: 2 years ago
0 732

उज्जैन। मध्य प्रदेश में पहली बार हाईकोर्ट की तर्ज पर राजस्व कोर्ट की भी लाइव स्ट्रीमिंग होगी। अपर कलेक्टर एसडीएम तहसीलदार और नायब तहसीलदारों की कोर्ट को फरियादी और आरोपी लाइव देख सकेंगे। अधिकारियों को सुनवाई के बाद फैसला भी ऑनलाइन पढ़कर सुनाना होगा। इससे राजस्व के मामलों में हो रही गड़बडियों पर नजर रखना आसान होगा।  फरियादी और आरोपी पक्ष भी पूरी कार्यवाही का रिकॉर्ड रख सकेंगे।

उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह के मुताबिक इस प्रक्रिया के लिए राजस्व विभाग को लिखा है। जल्दी ही राजस्व की सारी कोर्ट ऑनलाइन चलती हुई देखी जा सकेंगी। इससे राजस्व के मामलों में काफी पारदर्शिता आएगी। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। कोर्ट की कार्यवाही की रिकॉर्डिंग भी कुछ दिन सहेज कर रखी जा सकेंगी। श्री सिंह के मुताबिक डायस पर बैठे अधिकारियों को सुनवाई के बाद फैसला भी नियत समय पर सुनाना होगा। ये भी ऑनलाइन होगा। जिससे दोनों पक्षों से जुड़े लोग कोर्ट ना आ सकने की स्थिति में भी सारी प्रक्रिया को निर्बाध रूप से देख सकेंगे।

उज्जैन पूरे मध्य प्रदेश में ऐसा करने वाला पहला जिला होगा जो राजस्व मामलों की सुनवाई को इस तरह ऑनलाइन देखने की व्यवस्था कर रहा है।

 ' कोर्ट लगी या नहीं पता नहीं चल पाता था '

राजस्व कोर्ट को लेकर अक्सर स्थिति भ्रमपूर्ण रहती थी। कई बार अधिकारी दूसरे कामों में उलझ जाने या लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बन जाने के कारण कोर्ट नहीं लगा पाते थे। कई बार तय समय से पहले या बाद में कोर्ट लगती थी। सु्नवाई और फैसलों के बारे में पक्षों को समय पर सूचना भी नहीं मिल पाती थी। इससे कई बार दुविधापूर्ण स्थिति बन जाती थी। ऑनलाइन होने से ये सुविधा होगी कि कोर्ट लगी या नहीं दोनों पक्षों से जुड़े लोग बिना कोर्ट आए भी देख पाएंगे।  

What's Your Reaction?

Like Like 17
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User